फेक वीडियो पर भड़के राहुल रॉय: बोले- मैं लावारिस नहीं, मदद के नाम पर ठगी से बचें

मुंबई। वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आए अभिनेता राहुल रॉय ने फेक वीडियो बनाने वालों और ट्रोलर्स पर कड़ा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर उनकी आर्थिक हालत को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक दावों पर उन्होंने साफ कहा कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी तरह की मदद की जरूरत नहीं है।
राहुल रॉय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर बयान जारी करते हुए लिखा कि कुछ लोग उनके नाम पर झूठे वीडियो बनाकर पैसे मांग रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी बहन प्रियंका और जीजा रोमीर सेन के साथ रह रहे हैं, जहां उनकी अच्छी तरह देखभाल हो रही है। उन्होंने कहा, “मेरे पास घर, गाड़ी, कपड़े और खाना सब कुछ है। मैं कोई सड़क पर रहने वाला लावारिस व्यक्ति नहीं हूं।”
एक्टर ने यह भी बताया कि उनकी सादगी भरी जीवनशैली को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साधारण कपड़े पहनना, ऑटो से सफर करना या बॉडीगार्ड न रखना उनकी निजी पसंद है, न कि मजबूरी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके नाम पर पैसे मांगने वालों पर भरोसा न करें और केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी लें।
राहुल रॉय ने यह भी कहा कि वे लंबे समय से अच्छे काम का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन खाली बैठने के बजाय छोटे-मोटे काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्होंने अब तक किसी न्यूज चैनल या यूट्यूबर को कोई इंटरव्यू नहीं दिया है।
अंत में उन्होंने फैंस से सकारात्मक रहने की अपील करते हुए कहा कि अगर उन्हें अच्छा काम मिलेगा, तो वे जल्द ही फिल्मों में वापसी करेंगे।





