ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रॉपर्टी टैक्स नहीं देने वालों पर निगम अफसर सख्त, बकाएदारों का काटा नल कनेक्शन

26 बकायादारों की प्रॉपर्टी सील,सालों से प्रॉपर्टी टैक्स नहीं देने वालों पर रायपुर निगम सख्त

रायपुर। प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर रायपुर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े बकायादारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वर्षों से टैक्स नहीं चुकाने वाले 4 वार्डों के 26 बकायादारों की प्रॉपर्टी सील की गई, वहीं 6 मामलों में नल कनेक्शन काट दिए गए। यह कार्रवाई डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करने पर की गई।

नगर निगम की टीम ने जोन-4 के अंतर्गत डॉ. विपिन बिहारी सूर वार्ड (64), स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड (44), पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड (34) और सिविल लाइन वार्ड (46) में अभियान चलाया।

इस दौरान लाखों रुपये के बकाया मामलों में सीलबंदी और नल विच्छेदन की प्रक्रिया अपनाई गई। कार्रवाई के बीच 2 बकायादारों ने मौके पर ही पूरा बकाया जमा कर दिया, जबकि 2 अन्य ने आंशिक भुगतान किया।

वहीं 12 बकायादारों ने 9 फरवरी तक और एक ने 15 फरवरी तक पूरा भुगतान करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई अस्थायी रूप से रोक दी गई।

नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने स्पष्ट किया कि प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी 10 जोनों को निर्देश दिए गए हैं कि बड़े बकायेदारों को तत्काल नोटिस जारी कर 100 प्रतिशत राजस्व वसूली का लक्ष्य हासिल किया जाए।

इसी क्रम में गौरव गार्डन, मधुबन, ओमाया और अमायरा क्षेत्र में सर्वे कर टैक्स जांच की गई है। गौरव गार्डन और मधुबन को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि अंबुजा मॉल, डिकैथलॉन, श्रीराम बिजनेस पार्क और सफायर ग्रीन को भी जल्द नोटिस देने की तैयारी है।

उपायुक्त राजस्व जागृति साहू ने कहा कि लगातार सख्ती और निगरानी से निगम की आय में बढ़ोतरी होगी। नगर निगम ने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे समय पर टैक्स जमा करें, अन्यथा आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button