ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

साथ चलने से इनकार करने पर भाइयों पर चाकू से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रविवार रात खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एक बार फिर चाकूबाजी की वारदात से दहशत फैल गई। यहां एक युवक ने दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में बड़े भाई विवेक तांडी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छोटा भाई सुमीत तांडी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कृष्णा देवार उर्फ तोडू दोनों भाइयों को जानता था। उसने उन्हें बाइक पर साथ चलने के लिए कहा, लेकिन दोनों भाइयों ने घर जाने की बात कहकर मना कर दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गुस्से में चाकू से विवेक तांडी पर हमला कर दिया। घायल हालत में विवेक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। सुमीत तांडी भी घायल हुआ है।

घटना के बाद खम्हारडीह पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कृष्णा देवार को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पुलिस के प्रति नाराजगी जताई। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर भीड़ को शांत किया।

Related Articles

Back to top button