ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई: बिलासपुर में 8 वाहन जब्त

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग ने औचक निरीक्षण कर 8 अवैध वाहनों को जब्त किया है।

यह कार्रवाई उप संचालक खनिज प्रशासन किशोर गोलघाटे के मार्गदर्शन में 15 और 16 अक्टूबर को की गई। 15 अक्टूबर को विभाग की टीम ने कुदुदंड, मंगला, पाटबाबा और लोखड़ी क्षेत्रों में निरीक्षण किया।

मंगला-पाटबाबा क्षेत्र में बिना वैध अभिवहन पास के रेत से भरे तीन ट्रैक्टर और मिट्टी-ईंट से भरा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। ये चारों वाहन सकरी थाना की अभिरक्षा में रखे गए हैं।

इसके बाद, 16 अक्टूबर को खनिज अमले ने कोनी, निरतु, सकरी, रतनपुर और गढ़वट क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। गढ़वट क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए, जिन्हें रतनपुर पुलिस थाना में रखा गया है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति के खनिजों का उत्खनन, परिवहन या भंडारण गैरकानूनी है और इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आम जनता और वाहन चालकों को चेतावनी दी गई है कि वे वैध दस्तावेजों के बिना खनिज सामग्री का परिवहन न करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button