छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई, अब मौसम रहेगा ड्राई; बस्तर में हल्की बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ से इस साल का मानसून पूरी तरह लौट गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 अक्टूबर को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से कांकेर तक मानसून की वापसी हो गई थी।
अब राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। पिछले 24 घंटे में केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसमें सबसे अधिक 50 मिमी वर्षा बीजापुर के कुटरू में रिकॉर्ड की गई। बाकी जिलों में बूंदाबांदी या सूखा मौसम रहा।
आज राज्य के किसी भी हिस्से के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। यानी अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम स्थिर रहेगा। हालांकि दक्षिण छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
तापमान की बात करें तो सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में और न्यूनतम 18.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है।
इस अक्टूबर में अब तक सामान्य से 109% अधिक बारिश दर्ज की गई है। सामान्यतः इस महीने तक औसतन 28.3 मिमी वर्षा होती है, लेकिन इस बार 59.1 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मानसून की वापसी सामान्य से लगभग 10–12 दिन देरी से हुई।
प्रदेश में अब तक औसतन 1167.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बलरामपुर जिले में सबसे अधिक 1520.9 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से 52% ज्यादा है। वहीं, बेमेतरा में सबसे कम 524.5 मिमी बारिश हुई, जो औसत से 50% कम है। मौसम विभाग के अनुसार, अब राज्य में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ने लगेगा।