ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की बेटी, देश का गौरव; लखनी साहू को मिला “MY Bharat NSS राष्ट्रीय पुरस्कार”

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने अपनी प्रतिभा से देशभर में एक बार फिर गौरव बढ़ाया है। कोरबा जिले की लखनी साहू, ई. विश्वेश्वरैया इंजीनियरिंग कॉलेज की एनएसएस स्वयंसेविका, समाज सेवा और कर्मठता के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुई हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें “MY Bharat NSS राष्ट्रीय पुरस्कार (2022-23)” से नवाजा।

यह पुरस्कार लखनी साहू के समर्पण, सेवा और निस्वार्थ प्रयासों की पहचान है। उनके कार्यों ने यह सिद्ध किया है कि युवा संकल्प और मेहनत से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। एनएसएस के माध्यम से किए गए उनके योगदान ने छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया और अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लखनी साहू को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं को जनकल्याण और देश सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि लखनी साहू ने समाज सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है और उनकी सफलता सभी छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को रचनात्मक दिशा देने और समाज निर्माण में सहभागी बनाने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने आशा व्यक्त की कि लखनी साहू का यह प्रेरक सफर अन्य विद्यार्थियों और युवाओं को भी अपनी जिम्मेदारी और देशभक्ति के प्रति समर्पित होने के लिए प्रेरित करेगा।

इस राष्ट्रीय सम्मान से यह स्पष्ट होता है कि छत्तीसगढ़ के युवा न केवल शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में उत्कृष्ट हैं, बल्कि समाज सेवा, मानव कल्याण और राष्ट्र निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। लखनी साहू की यह उपलब्धि प्रदेश की युवा शक्ति और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

Related Articles

Back to top button