ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भाजपा प्रदेश संगठन की बड़ी बैठक 31 अगस्त को, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी लेंगे क्लास

रायपुर। प्रदेश भाजपा संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद अब 31 अगस्त को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बड़ी बैठक होने जा रही है। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन नए पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यों की बारीकियां सिखाएंगे। बैठक में प्रदेश के साथ राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन भी मिलेगा।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों के साथ 476 मंडलों और 36 संगठन जिलों के अध्यक्ष, सभी मोर्चों के अध्यक्ष और प्रकोष्ठों के संयोजकों को बुलाया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हो सकते हैं, हालांकि उनका विदेश दौरा तय है। बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

प्रदेश संगठन ने राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पहले सदस्यता अभियान चलाया था, जिसके तहत रिकॉर्ड 60 लाख नए सदस्य बनाए गए। इसके बाद बूथ स्तरीय चुनाव और मंडलों व जिलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। अब भाजपा के 476 मंडल और 36 संगठन जिले हैं। खास बात यह है कि अधिकांश जिलों में नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है, केवल रायपुर ग्रामीण जिला ही ऐसा है जहां पुराने अध्यक्ष को दोबारा मौका मिला है।

पहले यह बैठक 29 अगस्त को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे 31 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इसमें क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री पवन साय और पूर्व अध्यक्ष अरुण साव सहित वरिष्ठ नेता पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने का मार्गदर्शन देंगे।

Related Articles

Back to top button