ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जन्माष्टमी पर गौमांस काटा…2 युवक गिरफ्तार, तखतपुर में हिंदू संगठनों का हंगामा

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी के दिन गौमांस काटने और पकाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। घटना वार्ड क्रमांक-5 की है। पुलिस ने आरोपियों के घर से भारी मात्रा में गौमांस बरामद किया।

शनिवार को हिंदू संगठनों को सूचना मिली कि वार्ड-5 में घर के भीतर गौमांस काटा और पकाया जा रहा है। इस पर संगठन के कार्यकर्ता कोमल सिंह ठाकुर और आयुष ठाकुर अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और दो युवकों को पकड़ लिया। आरोप संजय खेस और शाहूल मसीह पर है। बताया जा रहा है कि दोनों गौमांस बेचने की तैयारी भी कर रहे थे। इसके बाद संगठन ने पुलिस को सूचना दी।

थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल पुलिस टीम के साथ पहुंचे और कार्रवाई करते हुए गौमांस जब्त किया। दोनों आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन भी किया।

सूत्रों के अनुसार आरोपी संजय खेस पहले भी गौमांस बेचते पकड़ा जा चुका है। संगम नगर में भी इसी आरोप में उसे जेल भेजा गया था। उस समय तखतपुर में बड़े पैमाने पर आंदोलन हुआ था। अब दोबारा उसका नाम सामने आने से स्थानीय लोगों में गुस्सा और बढ़ गया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button