ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पीएम मोदी से मिले मुख्यमंत्री साय, राज्य के विकास की दी जानकारी

दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को 1 नवंबर 2025 को रायपुर में होने वाले छत्तीसगढ़ राज्य के अमृत रजत महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रमुख विकास योजनाओं, औद्योगिक निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास प्रयासों की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने ‘अंजोर विज़न @2047’ दस्तावेज तैयार किया है, जो शिक्षा, कृषि, नवाचार और पर्यावरण के समावेशी विकास पर केंद्रित है। उन्होंने “जन विश्वास विधेयक 2025” का जिक्र किया, जो केंद्र सरकार के अधिनियम से प्रेरित है और न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाता है। राजधानी नवा रायपुर के लिए SCRDA गठन, औद्योगिक नीति 2024-30, सेमीकंडक्टर यूनिट और एआई डेटा सेंटर जैसी परियोजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 6.65 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार के लिए मेडिसिटी और एडु सिटी जैसे प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है। वहीं, नक्सल क्षेत्रों में आत्मसमर्पण करने वालों की संख्या बढ़ी है और शासन पर विश्वास बढ़ा है। सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। उनकी उपस्थिति से 1 नवंबर का आयोजन ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बनेगा।

Related Articles

Back to top button