पत्नी को जलाया, बंधक बनाकर रखा पति गिरफ्तार; ससुराल पक्ष की भूमिका की जांच जारी

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला को उसके पति और ससुराल पक्ष द्वारा एक सप्ताह तक घर में बंद कर अमानवीय अत्याचार किया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसे बेरहमी से पीटा, गर्म चिमटे से जलाया और गर्म पानी में चेहरा डुबाकर मारने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, आरोपी आकाश तिवारी वाड्रफनगर में चाणक्य अकैडमी का संचालक है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति पहले भी उस पर हमला कर चुका है और उसका एक अन्य महिला से अवैध संबंध भी है। इस बार की यातना चरम पर थी। आरोपी ने महिला का मुंह कपड़े से बांधकर गर्म पानी में चेहरा डुबाने की कोशिश की, जिससे उसकी जान मुश्किल में पड़ गई।
किसी तरह से खुद को बचाकर पीड़िता त्रिकुंडा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति आकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
वहीं, पुलिस अब आरोपी के सास-ससुर की भूमिका की भी जांच कर रही है। पीड़िता अभी सुरक्षित है और उसका इलाज जारी है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।