जगन्नाथ रथयात्रा 2025 : देशभर में निकली भव्य शोभायात्रा, अहमदाबाद-पुरी-उदयपुर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

दिल्ली। देशभर में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। अहमदाबाद, पुरी और उदयपुर समेत कई शहरों में लाखों श्रद्धालुओं ने इस आयोजन में भाग लिया।
अहमदाबाद के जमालपुर मंदिर में सुबह मंगला आरती के साथ रथयात्रा की शुरुआत हुई, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उनके परिवार ने भाग लिया। भगवान को खिचड़ी का भोग लगाया गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ‘पाहिंड विधि’ पूरी कर रथ को रवाना किया। भगवान को सुबह 5 से 6 बजे के बीच रथ पर विराजित किया गया और यात्रा सुबह 7 बजे प्रारंभ होकर रात 8:30 बजे तक चलेगी।
पुरी में दुनिया की सबसे बड़ी रथयात्रा के लिए तैयारियां सुबह 6 बजे मंगला आरती से शुरू हुईं। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को भव्य श्रंगार और भोग अर्पित करने के बाद दोपहर 1 बजे रथों पर विराजित किया गया। गजपति महाराज दिव्य सिंह देव ने सोने की झाड़ू से ‘छेरा पहरा’ की परंपरा निभाई और दोपहर 3 बजे यात्रा शुरू हुई। भगवान तीन किलोमीटर दूर मौसी के घर माने जाने वाले गुंडिचा मंदिर जाएंगे।
उदयपुर में भगवान जगन्नाथ 80 किलो चांदी के रथ में सवार होकर यात्रा पर निकले। सुबह 5 बजे मंगला आरती और दिनभर पूजा-अर्चना के बाद दोपहर 3 बजे रथयात्रा प्रारंभ हुई, जो 7-8 किलोमीटर की दूरी तय कर मंदिर में समाप्त होगी। तीनों शहरों में भारी सुरक्षा व्यवस्था और भक्तों का भारी उत्साह देखने को मिला