SECL कर्मचारियों से भरी बस पुल से गिरी, चालक की मौत

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बोझा क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। SECL कर्मचारियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सुखाड़ पुल से नीचे नदी में जा गिरी, जिससे मौके पर ही बस चालक की मौत हो गई। इस हादसे में कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में पुल पार कर रही थी, तभी ड्राइवर का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सीधे नदी में गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
राज्य के कैबिनेट मंत्री नेताम ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह हादसा अत्यंत हृदयविदारक एवं दुखद है। दिवंगत आत्मा को ईश्वर शांति दें और शोकसंतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करें। घायल कर्मचारियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।” इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। प्रशासन द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है।