राजधानी में विदेशी सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, दो विदेशी महिलाएं गिरफ्तार, डॉक्टर और कथित पत्रकार पर केस दर्ज

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में चल रहे एक विदेशी सेक्स रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। एफआरआरओ टीम और सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने ओमेक्स हजरतगंज की पांचवीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 527 में छापा मारकर दो उजबेकिस्तानी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये दोनों महिलाएं बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रही थीं।
पूछताछ में महिलाओं ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि उनके पासपोर्ट और वीजा खो चुके हैं और वे डॉ. विवेक गुप्ता के संपर्क में थीं, जिसने उनकी प्लास्टिक सर्जरी कर पहचान बदल दी थी। साथ ही, एक अन्य शख्स त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा ने उन्हें रहने में मदद की। अर्जुन खुद को पत्रकार बताता था।
एफआरआरओ टीम ने बताया कि डॉ. विवेक गुप्ता और अर्जुन राणा के खिलाफ विदेशी अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। डॉक्टर विवेक से यह भी पूछा जा रहा है कि अब तक कितने लोगों की प्लास्टिक सर्जरी कर पहचान बदली गई है।
पुलिस को जानकारी मिली है कि इस रैकेट की मुख्य सरगना उजबेकिस्तान निवासी लोयोला है, जिस पर पहले से लुक आउट नोटिस जारी था। वह लखनऊ में अर्जुन से शादी कर छिपकर रह रही थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। यह मामला न केवल मानव तस्करी और अवैध प्रवास से जुड़ा है, बल्कि देश की सुरक्षा से भी गंभीर रूप से संबंधित है।