ChhattisgarhStateNews

संविधान बचाओ यात्रा’: भूपेश बघेल ने चुनाव आयोग को बताया भाजपा का बंधुवा मजदूर, मंत्री ने किया पलटवार

बालोद। बालोद जिले में कांग्रेस की ओर से ‘संविधान बचाओ यात्रा’ का आयोजन किया गया। इस यात्रा में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में संविधान और लोकतंत्र को बचाने की जरूरत है।

भूपेश बघेल ने अपने भाषण में कहा, “संविधान ने हमें अधिकार दिए, जिससे हम सब समान रूप से शक्तिशाली बने। लेकिन आज यही संविधान खतरे में है। न्यायपालिका पर भी दबाव बढ़ रहा है और भाजपा नेता खुलेआम अदालतों के फैसलों पर टिप्पणी कर रहे हैं, जिन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। यह लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है।”

उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “चुनाव आयोग अब भाजपा का बंधुआ मजदूर बन गया है। जो काम उसे निष्पक्ष रूप से करना चाहिए था, वह अब सत्ता पक्ष के इशारे पर हो रहा है। ईवीएम को लेकर लगातार शिकायतें आ रही हैं, लेकिन उनकी जांच नहीं हो रही है।”

संवैधानिक संस्थाएं कमजोर हो रही हैं

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की संवैधानिक संस्थाएं कमजोर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ये संस्थाएं जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए बनी थीं, लेकिन अब वे दबाव में काम कर रही हैं।

भाजपा की प्रतिक्रिया

पूर्व मुख्यमंत्री के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बघेल के बयान को “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” कहावत से जोड़ा। नेताम ने कहा, “कांग्रेस को अब कहीं सफलता नहीं मिल रही है, इसलिए उनके नेता उल्टी-सीधी बयानबाजी कर रहे हैं। वे जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब कोई इनकी बातों में आने वाला नहीं है।”

Related Articles

Back to top button