निकायों के पदाधिकारी चुनने बीजेपी नेता आज करेंगे मंथन

रायपुर। आज 24 फरवरी को भाजपा द्वारा नगरीय निकायों में सभापति और उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर अहम बैठक की जाएगी। यह बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शाम 4 बजे आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव चुनाव को लेकर मार्गदर्शन करेंगे।
बैठक में संभाग प्रभारी, जिला अध्यक्ष, नगर निगमों के संगठन प्रभारी, निकायों के पर्यवेक्षक और प्रदेशस्तरीय टीम के सदस्य भी शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने बताया कि इस बैठक में आगामी चुनाव के लिए रणनीति तय की जाएगी। भाजपा ने छत्तीसगढ़ को एक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें नगरीय निकायों की अहम भूमिका होगी। भाजपा अपने किए वादों को पूरा करते हुए शहरों की स्वच्छता, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य विकास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाएगी।
रायपुर में 27 फरवरी को महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण
रायपुर नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर मीनल चौबे और 70 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 27 फरवरी को इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
महापौर मीनल चौबे ने बताया कि वे शपथ ग्रहण से पहले गंगाजल से नगर निगम दफ्तर को पवित्र करेंगी। यह उनके आस्था का विषय है। इस समारोह के बाद रायपुर नगर निगम की पहली सामान्य सभा भी होगी। भाजपा ने रायपुर नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की है, और 15 साल बाद महापौर पद पर कब्जा किया है।