निकाय चुनाव रिजल्ट: भाजपा ने 32 पालिका, 5 निगम जीते; रायपुर में एजाज ढेबर हारे

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 5 नगर निगमों में भाजपा ने शानदार जीत हासिल की है। भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। रायगढ़ में भाजपा के जीववर्धन चौहान ने कांग्रेस की जानकी काटजू को 36,365 वोटों से हराया। वहीं, राजनांदगांव में मधुसूदन यादव ने निखिल द्विवेदी को हराया।
जगदलपुर में भाजपा के संजय पांडेय ने मलकीत सिंह गैदू को हराया। अंबिकापुर में मंजूषा भगत ने 11,063 वोटों से कांग्रेस के डॉ. अजय तिर्की को शिकस्त दी। चिरमिरी में कांग्रेस के विनय जायसवाल रामनरेश राय से 4000 वोटों से हार गए। रायपुर में, पूर्व महापौर एजाज ढेबर पार्षद चुनाव 1500 वोट से हार गए।
हालांकि, मीनल चौबे ने 1,38,418 वोटों की बढ़त बना ली है। भाजपा में जीत के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। लोरमी में डिप्टी सीएम साव और रायपुर में राजेश मूणत कार्यकर्ताओं के साथ झूमते नजर आए। इस चुनाव में भाजपा 5 निगमों में बढ़त बनाए हुए है। 10 निगम, 49 पालिका और 113 नगर पंचायतों में मेयर, पार्षद और अध्यक्ष पद के लिए वोटों की गिनती जारी है।