ChhattisgarhStateNewsदेश - विदेश

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का 86वां सम्मेलन सम्पन्न: 45 करोड़ की आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के 86वें मंडल सम्मेलन में प्रदेश की कई महत्वपूर्ण आवासीय और अधोसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंडल मुख्यालय में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने की।

सम्मेलन में रायपुर, जशपुर और मुंगेली जिले की तीन बड़ी आवासीय परियोजनाओं के लिए करीब 44.82 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई।

रायपुर जिले के कोहका (तिल्दा) स्थित दीनदयाल आवास कॉलोनी में 76 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों के निर्माण के लिए 10.37 करोड़ रुपए मंजूर किए गए।

वहीं जशपुर के गिनाबहार में स्ववित्तीय अटल विहार योजना के तहत 97 आवासीय भवनों और भूमि विकास कार्य के लिए 17.51 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई।

इसके अलावा मुंगेली जिले के सारधा (लोरमी) में 200 ईडब्ल्यूएस आवासों और बाह्य विकास कार्य के लिए 16.94 करोड़ रुपए मंजूर किए गए। मंडल का कहना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण आवास और अधोसंरचना विकास को गति मिलेगी।

सम्मेलन में कई प्रशासनिक और नीतिगत प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। निर्माण कार्यों में जीएसटी भुगतान प्रणाली और रॉयल्टी क्लीयरेंस प्रक्रिया में एकरूपता लाने के लिए समान मानक प्रक्रिया लागू करने का निर्णय लिया गया।

दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत सीधी भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रावधानों को लागू करने और कर्मचारियों को पुनरीक्षित महंगाई भत्ता देने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।

इसके साथ ही क्वींस क्लब ऑफ इंडिया के संचालन और रखरखाव के लिए पीपीपी मॉडल पर एजेंसी नियुक्ति को मंजूरी दी गई। सम्मेलन में बताया गया कि मंडल ने वर्ष 2026 के पहले चार महीनों में 317 करोड़ रुपए मूल्य की 1,647 संपत्तियों का सफल विक्रय किया है।

Related Articles

Back to top button