ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

48वां रावत नाचा महोत्सव : लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में 48वें रावत नाचा महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।

महोत्सव स्थल पर उनका स्वागत संरक्षक कालीचरण यादव और समिति के पदाधिकारियों ने पुष्पहार पहनाकर किया। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक सहित कई विधायकों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री साय पारंपरिक रावत नाचा वेशभूषा में मंच पर पहुंचे और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रावत नाचा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक एकता और समृद्धि का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने ‘तेल फूल में लइका बाढ़े…’ दोहा गाकर यदुवंशी समाज को आशीर्वचन दिया।

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने रावत नाचा को यदुवंशी समाज की शौर्य–गाथा और सांस्कृतिक पहचान बताया। उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि 48 वर्षों से परंपरा को बनाए रखना समाज की एकता का प्रमाण है।

विधायक अमर अग्रवाल ने इसे बिलासपुर की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए समिति के प्रयासों की सराहना की। मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि यह आयोजन बिलासा की भूमि के लिए गौरव है।

मुख्यमंत्री साय नर्तक दलों के बीच पहुंचे और ढोल–नगाड़ों की धुन पर उनके साथ झूमकर कलाकारों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रावत नाचा जैसी सांस्कृतिक परंपराएँ नई पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी और संस्कृति को जीवित रखेंगी।

Related Articles

Back to top button