एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत: मां ने बच्चों को इंजेक्शन देकर घोंटा गला, पति-पत्नी ने लगाई फांसी

दुर्ग। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। घर के कमरे में पति-पत्नी फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि उनके दो बच्चों की लाश बिस्तर पर पड़ी थी। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पत्नी ने शादीशुदा जिंदगी से परेशान होने और पति के कथित अफेयर का जिक्र किया है।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि चंचल ने पहले बच्चों को शराब पिलाई और फिर नींद का इंजेक्शन लगाया। मौत की पुष्टि नहीं होने पर रस्सी से दोनों बच्चों का गला घोंट दिया गया।
सुसाइड नोट में पति-पत्नी के रिश्तों में लंबे समय से तनाव होने की बात लिखी गई है। पत्नी ने पति पर दूसरी महिलाओं से संबंध होने का आरोप लगाया है। पुलिस को घर से शराब की बोतलें भी मिली हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। चंचल के गाल पर चोट के निशान भी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक इसके बाद पति गोविंद ने फांसी लगाई और फिर पत्नी ने भी खुदकुशी कर ली। दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, सुसाइड नोट और परिवार के लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है।





