IPL प्लेऑफ की 4 टीमों में दिखे 4 कॉमन फैक्टर, इसी फॉर्मूले ने दिलाई टॉप-4 में जगह

दिल्ली। IPL 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर साफ हो चुकी है। 26 मई को क्वालिफायर-1 में आरसीबी और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगे, जबकि 27 मई को एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स भिड़ेंगी।
चारों टीमों के पूरे सीजन के प्रदर्शन में 4 बड़े कॉमन फैक्टर सामने आए हैं, जिन्होंने उन्हें प्लेऑफ तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
पहला फैक्टर मजबूत टॉप ऑर्डर रहा। इस सीजन जिन टीमों के टॉप-3 बल्लेबाजों ने मिलकर 1300 से ज्यादा रन बनाए, उनमें से चार टीमें प्लेऑफ में पहुंच गईं।
सिर्फ पंजाब किंग्स ऐसी टीम रही, जो इस आंकड़े के बावजूद टॉप-4 में जगह नहीं बना सकी। इससे साफ है कि लगातार रन बनाने वाले बल्लेबाज किसी भी टीम की सफलता की मजबूत नींव होते हैं।
दूसरा बड़ा कारण गेंदबाजों का प्रदर्शन रहा। जिन टीमों के तीन प्रमुख गेंदबाजों ने मिलकर 45 या उससे ज्यादा विकेट लिए, उनमें से भी चार टीमें प्लेऑफ में पहुंचीं। केवल चेन्नई सुपर किंग्स अपवाद रही, जिसके गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन टीम आगे नहीं बढ़ सकी।
तीसरा फैक्टर बड़े स्कोर रहे। प्लेऑफ में पहुंची टीमों ने कम से कम 6 बार 200 या उससे ज्यादा रन बनाए। हैदराबाद ने 9 बार, बेंगलुरु ने 8 बार, राजस्थान ने 7 और गुजरात ने 6 बार 200+ स्कोर बनाया।
चौथा और सबसे अहम फैक्टर कंसिस्टेंसी रही। बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद पूरे सीजन में लगातार तीन मैच से ज्यादा नहीं हारीं। वहीं गुजरात और हैदराबाद ने लगातार 5-5 मैच जीतकर शानदार मोमेंटम बनाया। यही संतुलन उन्हें प्लेऑफ तक ले गया।





