रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को सिन्दूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने 350 दिव्यांगजनों को करीब 60 लाख रुपए की लागत के सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, स्मार्टफोन, ब्रेल किट, वॉकिंग स्टिक और विभिन्न प्रकार के क्रच शामिल हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण देना सिर्फ सामग्री वितरण नहीं, बल्कि उन्हें दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना अभियान का उद्देश्य है।
युवाओं से नशे और मोबाइल से दूरी की अपील
ओपी चौधरी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और कौशल विकास में लगाने की अपील की। उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह देते हुए कहा कि इसका उपयोग जरूरत और ज्ञान के लिए संतुलित तरीके से किया जाना चाहिए। युवाओं को रील्स और सोशल मीडिया पर ज्यादा समय देने के बजाय पढ़ाई, खेल और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने फास्ट फूड से बचने, पौष्टिक भोजन लेने और नियमित योग-व्यायाम की सलाह भी दी। साथ ही युवाओं से नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सिन्दूर पार्क में बनेगा स्थायी मंच
वित्त मंत्री ने सिन्दूर पार्क में स्थायी और भव्य मंच बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उपयुक्त स्थान का चयन कर मंच विकसित किया जाएगा, जिससे विभिन्न आयोजनों में बार-बार अस्थायी टेंट और मंच लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। हितग्राहियों का चयन पहले आयोजित जिला स्तरीय शिविर में किया गया था। उपकरण एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के सहयोग से उपलब्ध कराए गए।
