आधा नोट ट्रिक से 35 लाख की ठगी,रायपुर में हवाला नेटवर्क का खुलासा

रायपुर। राजधानी रायपुर में हवाला कारोबार से जुड़ा एक बड़ा ठगी मामला सामने आया है, जहां ‘आधा नोट’ ट्रिक के जरिए प्लाईवुड कंपनी के कर्मचारी से 35 लाख रुपए ठग लिए गए। पीड़ित कर्मचारी मुंबई से रकम लेने रायपुर पहुंचा था, लेकिन शातिर आरोपियों ने उसे फर्जी पहचान के जाल में फंसाकर नकदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई निवासी कर्मचारी अपने मालिक के कहने पर 11 अप्रैल को रायपुर आया था। उसे एक व्यापारी से 35 लाख रुपए कैश लेना था और फिर दूसरे व्यक्ति को सौंपना था। पहले सौदे में व्यापारी ने आधा नोट दिखाकर भरोसा दिलाया और सीरियल नंबर मिलान के बाद रकम दे दी गई। इसके बाद कर्मचारी को दूसरे व्यक्ति का नंबर मिला, जिसने उसे वीआईपी तिराहा स्थित मंदिर के पास बुलाया।
यहां आरोपी ने भी आधा नोट दिखाया और सीरियल नंबर मिलाने के बाद कर्मचारी ने बिना शक किए 35 लाख रुपए सौंप दिए। लेकिन जब उसने नोट की फोटो अपने मालिक को भेजी, तो पता चला कि नंबर फर्जी है और वह ठगी का शिकार हो चुका है।
घटना की शिकायत तेलीबांधा थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। एक संदिग्ध की पहचान भी हुई है और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले में हवाला कनेक्शन सामने आने के बाद इनकम टैक्स विभाग भी सक्रिय हो गया है और पैसों के स्रोत की जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, रायपुर में रोजाना करीब 30 करोड़ रुपए का हवाला कारोबार होता है, जो देश-विदेश तक फैला हुआ है।
पुलिस का कहना है कि यह संगठित गिरोह का काम हो सकता है। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।





