सारंगढ़ में 30 हजार सीड बॉल तैयार: स्व-सहायता समूहों की पहल, मानव श्रृंखला बनाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायपुर। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जीरामजी) के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। जनपद पंचायत सारंगढ़ की ग्राम पंचायत गोड़म में सीएलएफ क्लस्टर से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने करीब 30 हजार सीड बॉल तैयार कर उनका वितरण किया। इसका उद्देश्य वर्षा ऋतु में हरित आवरण बढ़ाना और जल संरक्षण को बढ़ावा देना है।
सीड बॉल वितरण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्लस्टर के सरपंच, अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाएं शामिल हुईं। इस दौरान सभी ने मानव श्रृंखला बनाकर ‘बीज रोपण उत्सव’ मनाया और पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि इन सीड बॉल का उपयोग वीबी-जीरामजी के तहत बनाए गए तालाबों, डबरियों की मेड़ों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर किया जाएगा। इससे वर्षा के दौरान अधिक से अधिक पौधे विकसित होंगे, हरित क्षेत्र बढ़ेगा और जल संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों को वीबी-जीरामजी योजना के उद्देश्यों, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सभी से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर इसे जनआंदोलन बनाने की अपील की।





