MCB के गज्जूपानी जलाशय के जीर्णोद्धार को 3.08 करोड़ की मंजूरी: 182 हेक्टेयर क्षेत्र को मिलेगा सिंचाई का लाभ

रायपुर। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य शासन के जल संसाधन विभाग ने विकासखंड खड़गंवा स्थित गज्जूपानी जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए 3 करोड़ 8 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद 182 हेक्टेयर कृषि भूमि को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी।
स्वीकृत राशि से जलाशय के मुख्य बांध और नहरों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। लंबे समय से रखरखाव के अभाव में प्रभावित नहरों को दुरुस्त किए जाने से पानी की बर्बादी रुकेगी और अंतिम छोर तक सिंचाई का पानी आसानी से पहुंच सकेगा।
जल संसाधन विभाग के अनुसार, निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना पूरी होने के बाद किसानों को खरीफ और रबी दोनों सीजन की फसलों के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। इससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा, सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।





