रायपुर में 103 करोड़ के स्वास्थ्य प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन: CM साय बोले- स्वस्थ छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित प्रदेश, मेडिकल कॉलेज में बनेंगे हॉस्टल और कैंसर भवन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में 103 करोड़ रुपए से अधिक लागत की स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं का भूमिपूजन किया।
अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि “स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव है।” सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
इस दौरान 200 सीटर आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन के विस्तार और चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर की आधारशिला रखी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार मेडिकल कॉलेज दौरे के दौरान छात्रों ने हॉस्टल की मांग की थी, जिसे सरकार ने पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने जनता से किए अधिकांश वादे पूरे किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है और छत्तीसगढ़ को भी केंद्र सरकार का लगातार सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में राज्य को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की भी सौगात मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं।
पांच नए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग और फिजियोथेरेपी संस्थानों का विस्तार तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल जैसी कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि जगदलपुर में जल्द ही प्रदेश का दूसरा बड़ा हार्ट सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि कैंसर भवन का दूसरे से छठे तल तक विस्तार किया जाएगा। इसमें आधुनिक लैब, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और 64-64 बिस्तरों वाले वार्ड विकसित किए जाएंगे।
वहीं छात्राओं के हॉस्टल का भी विस्तार होगा, जिसमें लाइब्रेरी, डॉरमेट्री और अन्य आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण एजेंसियों को सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को नई मजबूती देंगी।





