दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ ने पूरे देश को झकझोर दिया है। शनिवार शाम महासप्तमी के दौरान हुई इस घटना में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
हादसे की खबर सामने आने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई प्रमुख नेताओं ने दुख जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। PMO की ओर से जारी घोषणा के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों के निकटतम परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता मिलेगी।
यह हादसा उत्तरी कोलकाता के मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट स्थित चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुआ। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम तेज बारिश के कारण बड़ी संख्या में लोग पंडाल में शरण लेने पहुंचे थे। महासप्तमी के कारण पहले से ही श्रद्धालुओं की भीड़ थी। इसी दौरान भगदड़ मच गई। पंडाल के ढांचे का एक हिस्सा ढहने की आशंका भी जताई गई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे में घायल लोगों की हालत गंभीर
घटना में घायल लोगों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। सुरक्षा और जांच के मद्देनजर चोरबागान पूजा पंडाल को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया। राज्यपाल आरएन रवि, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन समेत अन्य नेताओं ने भी शोक जताया।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना ने बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन निकासी की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
