SIR के विरोध में 19 विपक्षी दल कल दिल्ली में निकालेंगे मार्च

संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक 3 किमी पैदल जाएंगे विपक्षी सांसद; वोटर लिस्ट में पारदर्शिता और बैलेट पेपर से चुनाव की मांग
दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध में 19 विपक्षी दल बुधवार को दिल्ली में बड़ा मार्च निकालेंगे। INDIA ब्लॉक के सांसद संसद भवन से चुनाव आयोग (ECI) मुख्यालय तक करीब 3 किलोमीटर पैदल जाएंगे। विपक्ष ने इस मार्च को ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ नाम दिया है। इस दौरान चुनाव आयोग के सामने अपनी मांगें रखी जाएंगी।
यह फैसला 30 सितंबर को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में हुई विपक्षी दलों की बैठक में लिया गया था। करीब तीन घंटे चली बैठक में SIR और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
CEC को हटाने की मांग
विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद में प्रस्ताव लाने की मांग की है। इसके अलावा SIR के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है। विपक्ष का कहना है कि किसी मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे नोटिस और अपील का अवसर मिलना चाहिए।
EVM की जगह बैलेट पेपर की मांग
INDIA ब्लॉक ने चुनाव में EVM की जगह फिर से बैलेट पेपर के इस्तेमाल की मांग भी उठाई है। विपक्षी दलों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और संस्थागत जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए पंजीयन प्रक्रिया आसान बनाने की मांग की गई है।
लोकसभा में 178 सांसद
मार्च में शामिल होने वाली 19 विपक्षी पार्टियों के पास लोकसभा में कुल 178 सांसद और राज्यसभा में 62 सांसद हैं। इनमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, TMC, NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, NC, PDP, JMM और CPI-ML समेत अन्य दल शामिल हैं।
इससे पहले 11 अगस्त 2025 को भी विपक्षी सांसदों ने संसद भवन से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च निकाला था। उस समय राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और शरद पवार समेत 25 विपक्षी दल इसमें शामिल हुए थे।





