Uncategorized

शराब घोटाला मामले में EOW/ACB की बड़ी कार्रवाई, लॉकडाउन में इस्तेमाल दो वाहन जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW/ACB) ने कार्रवाई करते हुए दो और वाहनों को जब्त किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, इन वाहनों का इस्तेमाल वर्ष 2020 के लॉकडाउन के दौरान शराब के कथित अवैध परिवहन में किया गया था। इस कार्रवाई के साथ मामले में अब तक 28 वाहनों की जब्ती की जा चुकी है।

EOW/ACB के मुताबिक, प्रकरण क्रमांक 04/2024 की जांच के दौरान पूछताछ और सामने आए तथ्यों से पता चला कि मार्च-अप्रैल 2020 में लॉकडाउन के दौरान एन.व्ही. डिस्टलरीज से आबकारी अधिकारियों के माध्यम से शराब का कथित रूप से अवैध परिवहन किया गया था। आरोप है कि शराब को रायपुर और दुर्ग के अलग-अलग होटल एवं बार तक पहुंचाया गया और बाद में इसे अधिक कीमत पर बेचा गया। जांच एजेंसी इस पूरी प्रक्रिया से प्राप्त रकम के कथित रूप से शराब सिंडिकेट तक पहुंचने की भी जांच कर रही है।

श्री साईं ट्रांसपोर्ट के वाहन जब्त

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर EOW/ACB ने दिनेश अग्रवाल के श्री साईं ट्रांसपोर्ट से जुड़े दो वाहनों को जब्त किया है। इनमें CG04-MF-1274 और CG04-MC-2618 शामिल हैं। एजेंसी के अनुसार, दोनों वाहन वर्तमान में गैस परिवहन के काम में इस्तेमाल किए जा रहे थे। जांच के दौरान लॉकडाउन अवधि में इनके कथित अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल होने की जानकारी मिलने के बाद इन्हें जब्त किया गया।

28 वाहनों पर हो चुकी कार्रवाई

EOW/ACB के अनुसार, शराब घोटाला मामले में अब तक कुल 28 वाहनों पर जब्ती की कार्रवाई हो चुकी है। जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत जारी है। एजेंसी शराब के कथित अवैध परिवहन, बिक्री और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button