सरपंच चुनाव में हार का बदला लेने युवक की हत्या, 5 गिरफ्तार

मुंगेली में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा; अपहरण के बाद गला घोंटकर मारा, पैरों को बिजली के तार से बांधकर झाड़ियों में फेंका शव

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सरपंच चुनाव में मिली हार की रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। चुनाव में हारने वाले प्रत्याशी ने कथित तौर पर युवक की हत्या के लिए सुपारी दी थी। आरोपियों ने पहले युवक का अपहरण किया, फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

पहचान छिपाने और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके पैरों को बिजली के तार से बांधकर झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल कुछ अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मामला सरगांव थाना क्षेत्र के पेंड्री गांव का है। मृतक की पहचान तुलसी साहू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को तुलसी के परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना थाने में दी थी। तलाश के दौरान उसकी बाइक ग्राम पेंड्री ‘स’ में जय भोलेनाथ राइस मिल के पास मिली। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में खोजबीन की तो गणेश मिनरल्स के पास सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में उसका शव मिला।

गला घोंटकर की गई थी हत्या

शव मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा, पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच कराई। जांच में सामने आया कि युवक की गला घोंटकर हत्या की गई थी। उसके पैरों को बिजली के तार से बांधा गया था। शव को छिपाकर सबूत मिटाने की कोशिश भी की गई थी। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 238 में केस दर्ज किया।

चुनावी रंजिश में हत्या की सुपारी

एसपी भोजराम पटेल के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल, मृतक की गतिविधियों, आसपास के लोगों और संदिग्धों से जुड़ी जानकारी जुटाई। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की दिशा सरपंच चुनाव की पुरानी रंजिश की ओर मुड़ी। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका सामने आई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चुनावी हार का बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। साथ ही हत्या की साजिश और सुपारी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

↑
Exit mobile version