नवा रायपुर में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने किया उद्घाटन; समापन पर 41 राज्य अलंकरण और पुरस्कार दिए जाएंगे, अमित शाह होंगे शामिल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के मौके पर रविवार से नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव की शुरुआत हो गई। इस बार आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल हुए। तीन दिनों तक यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। समारोह के अंतिम दिन 41 राज्य अलंकरण और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समापन कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।
राज्योत्सव स्थल को देश के अलग-अलग राज्यों से आए कारीगरों ने सजाया है। यहां विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं। इनमें सरकारी योजनाओं, अब तक हासिल उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी जा रही है। आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला और विकास यात्रा को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।
40 हजार वाहनों की पार्किंग, 25 एंबुलेंस तैनात
राज्योत्सव में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन ने छह प्रवेश मार्ग तय किए हैं। करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर 300 शौचालय बनाए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अस्पताल के साथ 25 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पीएम मोदी ने दी स्थापना दिवस की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राज्योत्सव के तीनों दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न आयोजनों के जरिए प्रदेश की परंपरा, कला और उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। अंतिम दिन 41 राज्य अलंकरण और पुरस्कारों से अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
