अब UPI और ATM से निकाल सकेंगे PF, EPFO 3.0 इसी महीने लॉन्च होगा

मुंबई। ईपीएफओ (EPFO) जल्द ही अपने करोड़ों खाताधारकों को बड़ी सुविधा देने जा रहा है। मई के अंत तक EPFO 3.0 के तहत PF का पैसा ATM और UPI के जरिए निकालने की सुविधा शुरू हो सकती है।

इस नई व्यवस्था से करीब 7.8 करोड़ सब्सक्राइबर्स को बिना लंबी प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई के तुरंत पैसा मिल सकेगा। नई डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद PF निकालने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने या कई दिनों तक इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी।

अभी PF निकासी के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरना, दस्तावेज अपलोड करना और 7 से 10 दिन तक इंतजार करना पड़ता है। लेकिन EPFO 3.0 में यूजर ATM कार्ड की तरह सीधे पैसा निकाल सकेंगे।

इसके अलावा गूगल पे, फोन पे जैसे UPI प्लेटफॉर्म से भी एक लाख रुपए तक तुरंत ट्रांसफर किया जा सकेगा। इसके लिए PF अकाउंट को UPI से लिंक करना होगा।

EPFO अपने सदस्यों को एक विशेष ATM कार्ड भी जारी करेगा, जो PF खाते से लिंक रहेगा। हालांकि निकासी के लिए कुछ शर्तें होंगी। सदस्य का UAN एक्टिव होना जरूरी है और आधार, पैन तथा बैंक खाते की जानकारी उससे लिंक होनी चाहिए।

नए सिस्टम में सदस्य अपने PF खाते में जमा राशि का अधिकतम 50% ही ATM या UPI के जरिए निकाल सकेंगे। हालांकि नौकरी छूटने की स्थिति में मौजूदा नियमों के तहत 75% तक राशि निकाली जा सकेगी।

EPFO 3.0 में ऑटो क्लेम सेटलमेंट, आसान e-KYC, ऑनलाइन सुधार सुविधा और पेंशनर्स के लिए सेंट्रलाइज्ड पेमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी। विशेषज्ञों का कहना है कि यह व्यवस्था कर्मचारियों के लिए काफी मददगार होगी, लेकिन PF को रिटायरमेंट सुरक्षा मानकर जरूरत पड़ने पर ही निकासी करना बेहतर रहेगा।

Exit mobile version