भारत-भूटान के बीच 69 किमी रेललाइन का काम तेज: 4 हजार करोड़ की परियोजना, कारोबार-पर्यटन के साथ रणनीतिक कनेक्टिविटी होगी मजबूत

नई दिल्ली। भारत ने असम के कोकराझार से भूटान के गेलेफू तक प्रस्तावित 69 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। करीब 4 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना को भारत ने विशेष रेल परियोजना का दर्जा दिया है। माना जा रहा है कि रेल संपर्क शुरू होने से दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और नागरिकों का आवागमन आसान होगा।
भारत और भूटान के बीच करीब 700 किलोमीटर लंबी सीमा है। ऐसे में दोनों देशों को रेल नेटवर्क से जोड़ना आर्थिक और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावित रेललाइन भूटान के गेलेफू और समत्से जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों को भारत से जोड़ने में मदद करेगी। इससे आयात-निर्यात और लॉजिस्टिक्स को गति मिलने की उम्मीद है।
भारत और भूटान मिलकर करेंगे निवेश
परियोजना के भारत में आने वाले हिस्से का खर्च भारतीय रेलवे उठाएगा, जबकि भूटान वाले हिस्से के निर्माण में भारत सरकार निवेश करेगी। भूटान भी परियोजना में अपनी हिस्सेदारी निभाएगा। रेललाइन का बड़ा हिस्सा भारतीय क्षेत्र में रहेगा और भूटान में निर्माण के लिए भी भारत की ओर से आर्थिक और तकनीकी सहयोग दिया जाएगा।
चिकन नेक के पास बढ़ेगी रणनीतिक कनेक्टिविटी
यह परियोजना केवल यात्री और माल परिवहन तक सीमित नहीं है। इसके रणनीतिक महत्व को भी काफी अहम माना जा रहा है। रेल संपर्क से सीमा क्षेत्रों तक जरूरी संसाधनों और सैन्य रसद की पहुंच तेज हो सकती है।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल के बनारहाट से भूटान के समत्से तक करीब 20 किलोमीटर का रेल कॉरिडोर विकसित करने की योजना भी है। इससे भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले संवेदनशील ‘चिकन नेक’ क्षेत्र के आसपास कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
भारत, भूटान और चीन की सीमाएं एक-दूसरे के करीब हैं। ऐसे में इन रेल परियोजनाओं को क्षेत्र में भारत की रणनीतिक पहुंच मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी से सीमा क्षेत्रों में तेजी से पहुंच बनाने और जरूरत के समय संसाधनों की आपूर्ति में मदद मिल सकती है। साथ ही यह परियोजना भारत-भूटान के आर्थिक और कूटनीतिक संबंधों को भी नई मजबूती दे सकती है।





