महिला प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, नारी शक्ति वंदन पर जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित कार्यालय में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के नेतृत्व में महिला प्रतिनिधियों के एक दल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र और पारित शासकीय संकल्प के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह ऐतिहासिक पहल महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर है। इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और महिलाओं की भागीदारी को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में महिला सशक्तिकरण को और गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन जैसे कदम समाज में समानता और न्याय को मजबूत करेंगे तथा महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी का अवसर देंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश की महिलाएं विकास यात्रा की सशक्त सहभागी हैं और उनके बिना समग्र विकास की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने महिला प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
मुलाकात के दौरान विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई और महिलाओं ने अपने सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री ने इन सुझावों पर सकारात्मक विचार का भरोसा दिलाया, जिससे शासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।





