ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महिला पत्रकार अपने साहस से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत कर रहीं हैं : सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महिला पत्रकार अपने साहस, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को लगातार मजबूत कर रही हैं।

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गुजरात के अध्ययन भ्रमण से लौटे महिला पत्रकारों के दल से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता जैसे चुनौतीपूर्ण पेशे में कार्य करते हुए महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव की भूमिका निभा रही हैं, जो अत्यंत प्रशंसनीय है।

इस अवसर पर महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को गुजराती अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर पहली बार छत्तीसगढ़ से महिला पत्रकारों के दल को अध्ययन भ्रमण पर भेजे जाने के लिए आभार व्यक्त किया। पत्रकारों ने बताया कि महिला दिवस पर उन्होंने यह मांग रखी थी, जिसे मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता के साथ पूरा किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुजरात भ्रमण के दौरान महिला पत्रकारों ने विधानसभा, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, राजकोट, पोरबंदर सहित कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन किया। यह अनुभव उनकी लेखनी को और समृद्ध करेगा, जिसका लाभ पाठकों को मिलेगा। उन्होंने पत्रकारों को अपने अनुभवों को पुस्तक के रूप में संजोने के लिए भी प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात एक मॉडल राज्य है, जहां सहकारिता, डिजिटल गवर्नेंस और प्रशासनिक पारदर्शिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। छत्तीसगढ़ में भी ई-फाइल प्रणाली लागू कर डिजिटलीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने गुजरात के सीएम डैशबोर्ड को देश का सबसे उन्नत मॉनिटरिंग सिस्टम बताते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्थाएं छत्तीसगढ़ में भी लागू की जा रही हैं।

महिला पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस भ्रमण को प्रेरणादायक और यादगार बताया। कई पत्रकारों ने पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव किया, जिस पर मुख्यमंत्री की आत्मीय टिप्पणी से पूरा सभागार हंसी से गूंज उठा। इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग के अधिकारी, वरिष्ठ अधिकारीगण और महिला पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button