पश्चिम बंगाल चुनाव: रुझानों में भाजपा को बहुमत, मंतेश्वर सीट पर सैकत पांजा की बड़ी जीत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है, जबकि फालता सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होगा। शुरुआती रुझानों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है।

पार्टी 188 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 82 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अब तक भाजपा 12 सीट जीत चुकी है, जबकि टीएमसी को 5 सीटों पर सफलता मिली है।

भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी से करीब 7 हजार वोटों से आगे चल रही हैं। दोनों नेता मतगणना केंद्र पहुंच चुके हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

इधर, मंतेश्वर विधानसभा सीट का परिणाम घोषित हो चुका है, जहां भाजपा उम्मीदवार सैकत पांजा ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने टीएमसी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सिद्दीकुल्लाह चौधरी को 14,798 वोटों से हराया।

पांजा को 96,559 वोट मिले, जबकि चौधरी को 81,761 वोट हासिल हुए। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के अनुपम घोष को 18,192 वोट मिले।

पूर्व बर्धमान जिले की यह ग्रामीण सीट राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण रही है। 2009 के परिसीमन के बाद यह बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा बनी।

यहां का राजनीतिक इतिहास दिलचस्प रहा है, जहां लंबे समय तक वाम मोर्चा का दबदबा रहा।

मंतेश्वर क्षेत्र कृषि प्रधान है, जहां धान, जूट और सरसों की खेती प्रमुख है। सामाजिक रूप से यहां मुस्लिम, अनुसूचित जाति और जनजाति मतदाताओं की अहम भूमिका है।

लगातार बढ़ते मतदान प्रतिशत के कारण यह सीट राज्य की राजनीति में प्रभावशाली मानी जाती है।

Exit mobile version