नौतपा के बीच बदला मौसम, छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है। तेज गर्मी के बीच कई जिलों में बारिश और आंधी ने लोगों को राहत दी है। शुक्रवार सुबह अंबिकापुर और सूरजपुर जिले में जमकर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

आईएमडी ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में धूलभरी आंधी चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। कुछ जिलों में लू जैसे हालात भी देखने को मिले। दुर्ग 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गुरुवार को रायगढ़ और सुकमा में तेज आंधी और बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिर गए थे। वहीं बालोद में लगातार चमगादड़ों की मौत के बाद प्रशासन ने पेड़ों पर पानी का छिड़काव कराया।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों से दूर रहने और तेज आंधी के समय सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है।

Exit mobile version