सरगुजा। सरगुजा जिले में भाजपा विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच विवाद के बाद माहौल गरमा गया है। विधायक रामकुमार टोप्पो पर राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक से मारपीट करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर विधायक टोप्पो समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की, उनके कपड़े फाड़े और कार्यालय में हंगामा किया। इस घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में नाराजगी फैल गई। कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने घटना की निंदा करते हुए विधायक और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग की है। विरोध स्वरूप प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं।
दूसरी ओर विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थकों ने इस कार्रवाई का विरोध किया। विधायक समर्थक सीतापुर थाने के सामने धरने पर बैठ गए और FIR वापस लेने की मांग करने लगे। विधायक पक्ष का कहना है कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब विधायक की बहन किसी काम से तहसील कार्यालय पहुंचीं।
विधायक की बहन ने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने उनके साथ बदसलूकी की, फाइल फेंकी और उन्हें कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इसी घटना के बाद विवाद बढ़ गया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
फिलहाल दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद जिले में प्रशासनिक और राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। वहीं तहसीलदारों की हड़ताल से सरकारी कामकाज प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
