बेमेतरा के दाढ़ी स्कूल की 3 महिला टीचर कलेक्टर से मिलीं; 16 संविदा शिक्षकों से 10-10 हजार मांगने और नौकरी से निकालने की धमकी देने का भी आरोप
बेमेतरा। बेमेतरा जिले के दाढ़ी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य जीआर चतुर्वेदी पर महिला शिक्षकों से मैटरनिटी लीव के बदले 45 से 60 हजार रुपए मांगने का आरोप लगा है।
स्कूल की संविदा महिला शिक्षकों ने शनिवार को कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से मुलाकात कर इसकी शिकायत की। उन्होंने प्राचार्य पर वेतन काटने और नौकरी से निकालने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। कलेक्टर ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
16 शिक्षकों से 10-10 हजार मांगने का आरोप
शिकायत करने पहुंची महिला शिक्षक नंदिनी वर्मा का आरोप है कि उनका मैटरनिटी लीव पहले स्वीकृत हो चुका था, लेकिन वर्तमान प्राचार्य उसे मानने से इनकार कर रहे हैं। छुट्टी के बदले उनसे 45 से 60 हजार रुपए मांगे गए।
शिक्षकों का कहना है कि मामला केवल एक कर्मचारी तक सीमित नहीं है। स्कूल में कार्यरत 16 संविदा महिला शिक्षकों से भी 10-10 हजार रुपए मांगने का आरोप है।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, रकम नहीं देने पर शिक्षकों की कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट (CR) खराब करने, वेतन में कटौती और नौकरी से निकलवाने की धमकी दी गई। तीन महिला शिक्षक कलेक्ट्रेट पहुंची थीं। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राचार्य ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, प्राचार्य जीआर चतुर्वेदी ने आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके कार्यकाल में किसी भी संविदा शिक्षक ने मैटरनिटी लीव नहीं लिया है। ऐसे में छुट्टी के बदले पैसे मांगने का आरोप निराधार है।
शिकायत के बाद अब मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। जिले के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में शिक्षकों की कमी के बीच इस विवाद ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
