देशभर में मौसम का हाल: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, बिहार-राजस्थान में अलर्ट, यूपी में उमस

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश में आज राहत मिल सकती है। हालांकि, यूपी के कई जिलों में 3 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उधर, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में आज भारी से मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है।

राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी रोहिणी, लक्ष्मीनगर, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, हालांकि दोपहर की धूप से उमस बढ़ सकती है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 25°C रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन शनिवार को गोंडा, गाजीपुर, बहराइच, गोरखपुर, आजमगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, बिहार के पटना, गया, मुंगेर, बेगूसराय, कटिहार और पूर्णिया में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर, शिवपुरी, सागर, विदिशा, और छतरपुर जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। राजस्थान, रांची और भोपाल जैसे शहरों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दे रहा है।

Exit mobile version