रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हो गई है। तेल कंपनियों ने 25 मई को पेट्रोल के दाम ₹2.61 और डीजल के दाम ₹2.71 प्रति लीटर बढ़ा दिए।
इसके बाद राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत ₹107.96 प्रति लीटर पहुंच गई है। इस महीने यह चौथी बार है, जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है।
प्रदेश के 8 जिलों में पेट्रोल का दाम ₹109 प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा कीमत नारायणपुर में दर्ज की गई, जहां पेट्रोल ₹109.65 प्रति लीटर बिक रहा है।
इसके अलावा जगदलपुर में ₹109.64, दंतेवाड़ा में ₹109.60 और बीजापुर में ₹109.59 प्रति लीटर पेट्रोल मिल रहा है। सरगुजा संभाग के जशपुर में ₹109.52, सूरजपुर में ₹109.39 और अंबिकापुर में ₹109.09 प्रति लीटर पेट्रोल बिक रहा है। वहीं रायगढ़ में भी कीमत ₹109 के करीब पहुंच गई है।
दूसरी ओर, रायपुर और कोरबा जैसे बड़े शहरों में कीमतें अपेक्षाकृत कम हैं। कोरबा में पेट्रोल सबसे सस्ता ₹107.63 प्रति लीटर दर्ज किया गया है। हालांकि हालिया बढ़ोतरी के बाद यहां भी वाहन चालकों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा है।
जानकारों का कहना है कि बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ इलाकों में ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट ज्यादा होने के कारण ईंधन महंगा बिकता है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और ईरान-अमेरिका तनाव का भी असर देखने को मिल रहा है।
लगातार बढ़ते दामों का असर अब मालभाड़ा, बस किराया और रोजमर्रा की चीजों पर भी पड़ सकता है। प्रशासन ने ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
