रायपुर में हाइटेंशन टॉवर में चढ़ा ग्रामीण, फॉर्चून मेटल प्राइवेट लिमिटेड पर जमीन नहीं देने का लगाया आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण अपनी जमीन को भू-माफिया और कंपनी के कब्जे से छुड़ाने की मांग को लेकर हाइटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। सोंडरा गांव के रहने वाले किशन लाल निषाद ने फॉर्चून मेटल प्राइवेट लिमिटेड पर अपनी जमीन हड़पने का आरोप लगाया है।

किशन लाल निषाद का आरोप है कि उसकी पुश्तैनी जमीन पिछले 12 सालों से फॉर्चून मेटल प्राइवेट लिमिटेड के अवैध कब्जे में है। वह पिछले एक दशक से अधिक समय से शासन-प्रशासन के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। सिस्टम की बेरुखी से तंग आकर आज सुबह उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए सिलतरा चौकी इलाके में स्थित हाइटेंशन टावर को चुन लिया।

एसडीएम-तहसीलदार मौके पर

जैसे ही ग्रामीणों ने किशन को टावर पर चढ़े देखा, इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही SDM, तहसीलदार और धरसीवां थाना पुलिस का भारी बल मौके पर पहुंचा। हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत पूरे इलाके की बिजली सप्लाई (लाइट) कटवा दी है। नीचे खड़े अधिकारी लाउडस्पीकर के जरिए किशन लाल को नीचे उतरने की अपील कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण अपनी जमीन को तत्काल मुक्त करने की लिखित गारंटी की मांग पर अड़ा हुआ है।

कंपनी पर जमीन कब्जा करने का लगाया आरोप

परिजनों का कहना है कि किशन लाल ने पहले भी कई बार शिकायत दर्ज कराई थी कि सोंडरा स्थित उसकी जमीन पर कंपनी ने जबरन कब्जा कर रखा है। तहसीलदार और SDM मौके पर मौजूद हैं और कंपनी प्रबंधन से भी दस्तावेज तलब किए गए हैं। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ग्रामीण को सुरक्षित उतारने के लिए रेस्क्यू टीम और जाल की व्यवस्था भी कर रहा है।

Exit mobile version