बीजापुर में तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग: 18 हजार बोरे जलकर राख, 10 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार दोपहर तेंदूपत्ता से भरे एक निजी गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में करीब 18 हजार बोरे तेंदूपत्ता जलकर राख हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक घटना में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, वन विभाग ने तेंदूपत्ता भंडारण के लिए ईटपाल इलाके में एक निजी गोदाम किराए पर लिया था। पिछले 10 दिनों में यहां बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता स्टोर किया गया था।

सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। तेज गर्मी और सूखे मौसम के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालात गंभीर होते देख वन विभाग, पुलिस, नगर पालिका और CRPF के जवान भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए। गोदाम में खड़ी गाड़ियों को तुरंत बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।

घटना में किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन आग के कारण दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। इससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डीएफओ रमेश जांगड़े ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं सीसीएफ आलोक तिवारी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं चूक हुई है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।

घटना के बाद गोदाम में फायर सेफ्टी इंतजामों पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर तेंदूपत्ता भंडारण के बावजूद वहां पर्याप्त अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं थी।

Exit mobile version