शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल को UAE से लाया गया भारत: कमीशन की रकम ठिकाने लगाने का आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में वांछित कारोबारी विकास अग्रवाल को UAE से भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से 27 नवंबर को उसे भारत पहुंचाया। विकास पर शराब वितरण व्यवस्था में हुए कथित घोटाले के दौरान सिंडिकेट के पैसों का प्रबंधन और उन्हें ठिकाने लगाने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है।

CBI के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में हुई अनियमितताओं से राज्य के सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ। विकास अग्रवाल को इस सिंडिकेट का केंद्रीय वित्तीय समन्वयक यानी ‘मनीमैन’ बताया गया है।

डिस्टिलरीज से कमीशन जुटाकर पहुंचाता था रकम

जांच एजेंसी के अनुसार, विकास डिस्टिलरीज से कमीशन की रकम जुटाने और उसे सरकारी अधिकारियों तथा सिंडिकेट के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने का काम करता था। अपराध से अर्जित रकम का स्रोत और मालिकाना हक छिपाने के लिए विभिन्न कंपनियों और वित्तीय व्यवस्थाओं के जरिए लेन-देन कराने का भी आरोप है।

इस मामले में नवंबर 2024 में अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। इसके बावजूद विकास अग्रवाल फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

इंटरपोल के रेड नोटिस पर UAE में हुई गिरफ्तारी

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल के माध्यम से विकास के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया था। इसके बाद UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन पता कर उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया।

छत्तीसगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट टीम UAE पहुंची थी। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आरोपी को भारतीय टीम के हवाले किया गया। इसके बाद टीम उसे लेकर 27 नवंबर को मुंबई पहुंची। मुंबई की CBI कोर्ट में पेशी के बाद प्रोडक्शन वारंट पर उसे छत्तीसगढ़ लाए जाने की तैयारी है।

↑
Exit mobile version