दिल्ली। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विजय की पार्टी TVK विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और अब सरकार बनाने की कोशिशों में जुटी हुई है। विजय आज सुबह 11 बजे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ से दोबारा मुलाकात करेंगे। इसके लिए वे चेन्नई स्थित लोकभवन रवाना हो चुके हैं।
बुधवार को भी विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। हालांकि उन्होंने केवल 113 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा था। राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि सरकार गठन के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। इसके बाद विजय ने अतिरिक्त समर्थन जुटाने के लिए समय मांगा।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK को 108 सीटें मिली हैं। विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीते हैं, लेकिन एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी के पास 107 विधायक रह जाएंगे। कांग्रेस के 5 विधायकों ने समर्थन दिया है, इसके बावजूद बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए अभी 11 और विधायकों की जरूरत है।
इधर, तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा भी तेज है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंबे समय से एक-दूसरे की प्रतिद्वंदी रही DMK और AIADMK के बीच बैकचैनल बातचीत चल रही है। चर्चा इस बात पर हो रही है कि AIADMK सरकार बनाए और DMK बाहर से समर्थन दे। हालांकि दोनों दलों ने अब तक इस पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
दूसरी ओर, अमित शाह आज पश्चिम बंगाल दौरे पर जाएंगे। वे पहले बिहार में कैबिनेट विस्तार समारोह में शामिल होंगे, फिर कोलकाता पहुंचकर नई सरकार के गठन और राजनीतिक रणनीति पर भाजपा नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।
