ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सट्‌टे केस में फरार आरोपी का बर्थडे सेलीब्रेट करते हुए VIDEO: तीन महीने पहले पुलिस ने पकड़ा था सिंडिकेट, अब तक 12 आरोपियों को नहीं कर पाई गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्‌टा खिलाने वाले नमन–आयुष सिंडिकेट के फरार आरोपी सागर आडवानी का बर्थडे पार्टी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने सिंडिकेट से जुड़े फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवक समेत मामले से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

तेलीबांधा पुलिस ने मई 2026 में नमन–आयुष सट्‌टा सिंडिकेट का खुलासा किया था। पुलिस के मुताबिक, 5 मई की रात 36 मॉल के पास कार में सवार नमन जग्गी IPL मैच में ऑनलाइन सट्‌टा खिला रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन बैटिंग साइट की आईडी के जरिए सट्‌टा संचालित करने की जानकारी सामने आई।

जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों से कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें नमन जग्गी, आयुष जैन, सरफराज मामदानी, अंकित राकेश अग्रवाल समेत अन्य आरोपी शामिल हैं।

12 आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच में सिंडिकेट से जुड़े 12 अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, जो फिलहाल फरार हैं। इनमें मोहसीन खान, गोलू, बीबी एनजीपी, सागर आडवानी, गोलू अलमास, चंदन, अंकित, सौरभ जैन, बाबू गावली, जयेश भैया, अमित और राज गुप्ता शामिल हैं।

जांच के अनुसार, नमन जग्गी सिंडिकेट में मास्टर आईडी से आईडी बेचकर सट्‌टा खिलाने का काम करता था। वहीं कुछ आरोपी उसे मास्टर आईडी उपलब्ध कराने और कुछ आईडी खरीदकर सट्‌टा संचालित करने से जुड़े थे।

पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी

तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि सट्‌टा सिंडिकेट मामले में विवेचना जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वायरल वीडियो में नजर आ रहे युवक समेत केस से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button