वेदांता पावर प्लांट हादसा: मंत्रियों ने रखा सरकार पक्ष, बोले सीएम ने दिया उच्च स्तरीय जांच के आदेश; दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

सक्ती। सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना को बेहद दुखद और दर्दनाक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने हादसे पर दुख जताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसी संवेदनशील घटनाओं पर भी राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है कि वे हर मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करते हैं।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है। जांच में यदि किसी अधिकारी या कंपनी की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ फैक्ट्री एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में औद्योगिक इकाइयों की नियमित जांच को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी, क्योंकि अभी अधिकतर जांच शिकायत या रेंडम आधार पर होती है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद आसपास के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया था और घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में कई मजदूर घायल हुए हैं और कुछ की मौत भी हुई है, जो बेहद दुखद है। मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

मंत्रियों ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य और केंद्र सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की जा चुकी है। साथ ही उन्होंने विपक्ष से अपील की कि इस तरह की घटनाओं पर राजनीति करने के बजाय संवेदनशीलता दिखाएं।

Exit mobile version