मुंबई। फिल्म प्रोड्यूसर वासू भगनानी ने डायरेक्टर डेविड धवन और अभिनेता वरूण धवन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वाशु भगनानी ने दावा किया कि फिल्म कुली नंबर- 1 से उन्हें करीब 27 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ, लेकिन इसके बाद किसी ने उनका हालचाल तक नहीं पूछा।
वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में वाशु भगनानी ने कहा कि उन्होंने डेविड धवन को फिल्म के लिए करीब 70 करोड़ रुपए दिए थे। उनके मुताबिक, फिल्म का पूरा प्रोडक्शन और खर्च डेविड धवन संभाल रहे थे, जबकि वे सिर्फ नाम के प्रोड्यूसर थे। भगनानी ने कहा कि कोविड के दौरान डेविड धवन ने भरोसा दिलाया था कि आगे होने वाले प्रोजेक्ट्स से नुकसान की भरपाई की जाएगी।
विवाद की शुरुआत फिल्म बीवी नंबर-1 के मशहूर गाने ‘चुनरी चुनरी’ के इस्तेमाल को लेकर हुई। वाशु ने आरोप लगाया कि नई फिल्म है जवानी तो इश्क होना है में उनकी अनुमति के बिना गाने के विजुअल्स इस्तेमाल किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में कोर्ट में शिकायत की गई है और बिहार के कटिहार कोर्ट ने स्टेटस क्वो का आदेश भी दिया है।
भगनानी ने कहा, “डेविड धवन मेरे प्रोडक्शन की फिल्म का वही गाना अपने बेटे की फिल्म में इस्तेमाल कर रहे हैं। कम से कम उन्हें मुझे पहले बताना चाहिए था। अगर बात करते तो मैं एनओसी दे देता।”
उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म के नुकसान के बाद वरुण धवन ने कभी उनसे संपर्क नहीं किया। भगनानी ने वीडियो जारी कर नाराजगी जताते हुए कहा कि मामला कोर्ट में होने के बावजूद ट्रेलर लॉन्च के दौरान यह दावा किया गया कि विवाद सुलझ गया है, जबकि उनसे किसी ने बात तक नहीं की।
डेविड धवन और वाशु भगनानी की जोड़ी ने पहले हीरो नंबर-1, बड़े मियां छोटे मियां और बीवी नंबर-1 जैसी कई सुपरहिट फिल्में दी हैं।
