असम के बहाने भूपेश बघेल ने साधा भाजपा पर निशाना, बिस्वा सरकार पर उठाए सवाल

रायपुर। रायपुर में असम दौरे से लौटने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि असम की जनता बदलाव चाहती है और वहां “नया असम” बनाने का मन बना चुकी है। बघेल के अनुसार, मौजूदा हालात से साफ है कि लोग वर्तमान शासन से संतुष्ट नहीं हैं।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा पर निशाना साधते हुए बघेल ने कहा कि सार्वजनिक मंचों से अपशब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से इस मामले में कार्रवाई की मांग की।

धर्म स्वतंत्रता विधेयक के मुद्दे पर भी बघेल ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल में भी यह विधेयक राष्ट्रपति द्वारा वापस कर दिया गया था। ऐसे में अलग-अलग राज्यों में अलग निर्णय लेना उचित नहीं है, खासकर जब इस विषय पर सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई चल रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया मुलाकात पर भी बघेल ने सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि क्या राज्य के लिए विशेष आर्थिक सहायता की मांग की गई या नहीं।

इसके अलावा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भाजपा की प्रतिक्रिया को लेकर बघेल ने इसे “मानसिक दिवालियापन” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में हजारों स्कूल बंद किए जा रहे हैं, जबकि शिक्षा को मजबूत करने की जरूरत है। बघेल के इन बयानों से प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी गर्माहट बढ़ गई है।

Exit mobile version