छह माह की ट्रेनिंग के बाद अंबिकापुर में शुरू किया बुटीक; दो लोगों को काम दिया, 4-5 को सिखा रहीं सिलाई
रायपुर। हुनर को सही प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वह आत्मनिर्भरता के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार का जरिया बन सकता है। सूरजपुर जिले के राजापुर गांव की उर्मिला सिंह ने कौशल प्रशिक्षण के जरिए इसे साबित किया है। छह माह का प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने अंबिकापुर में अपना बुटीक शुरू किया। कारोबार शुरू किए अभी कुछ ही महीने हुए हैं और वे हर महीने करीब 12 से 15 हजार रुपए कमा रही हैं। साथ ही दो लोगों को रोजगार और चार-पांच लोगों को सिलाई का प्रशिक्षण दे रही हैं।
छह माह की ट्रेनिंग ने दिया आत्मविश्वास
उर्मिला खेती-किसानी से जुड़े परिवार से आती हैं। उन्होंने गांव में स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद सूरजपुर से कॉलेज की पढ़ाई की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें कौशल विकास प्रशिक्षण के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद जन शिक्षण संस्थान के माध्यम से छह महीने का प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने सिलाई और महिलाओं के परिधान तैयार करने का व्यावहारिक हुनर सीखा।
नौकरी का इंतजार नहीं किया, शुरू किया बुटीक
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उर्मिला ने नौकरी की तलाश करने के बजाय अपने हुनर को स्वरोजगार में बदलने का फैसला किया। करीब तीन-चार महीने पहले उन्होंने अंबिकापुर में बुटीक शुरू किया। यहां वे महिलाओं के अलग-अलग तरह के परिधान तैयार कर रही हैं। धीरे-धीरे ग्राहकों की संख्या बढ़ने के साथ उनका काम भी आगे बढ़ रहा है।
खुद के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार
उर्मिला ने अपने बुटीक में दो लोगों को रोजगार दिया है। इसके अलावा चार-पांच लोगों को सिलाई और परिधान तैयार करने का काम सिखा रही हैं। उनका कहना है कि वे आगे अपने कारोबार को बढ़ाने के साथ ज्यादा लोगों को प्रशिक्षण देना चाहती हैं।
शुरुआती दौर में 12-15 हजार की कमाई
उर्मिला के मुताबिक बुटीक शुरू हुए अभी तीन-चार महीने ही हुए हैं। इस शुरुआती दौर में ही उन्हें हर महीने करीब 12 से 15 हजार रुपए की आमदनी हो रही है। उन्होंने बताया कि कौशल प्रशिक्षण ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया। उर्मिला ने प्रशिक्षण और स्वरोजगार का अवसर मिलने पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
उनकी यह कहानी बताती है कि कौशल विकास से मिला हुनर केवल व्यक्ति को आत्मनिर्भर नहीं बनाता, बल्कि आगे चलकर दूसरों के लिए भी रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर तैयार कर सकता है।
