CGPSC SI रिजल्ट में ‘NEWS’ और ‘SPACERANI’ नामों पर बवाल: अभ्यर्थियों ने बताया- नाम असली, आयोग ने अफवाहों का किया खंडन

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के प्रारंभिक परिणाम में कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया है।

मेरिट सूची में न्यूज, स्पेश रानी, हे राम, तूफाल और भक्त प्रहलाद जैसे नाम सामने आने के बाद भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी नाम अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन के समय स्वयं दर्ज किए गए थे।

रायगढ़ निवासी न्यूज कुमार प्रधान ने वीडियो जारी कर बताया कि उनका वास्तविक नाम “न्यूज” ही है।

उन्होंने कहा कि 10वीं की मार्कशीट में सरनेम दर्ज नहीं होने के कारण 12वीं, कॉलेज और आधार कार्ड सहित सभी दस्तावेजों में उनका नाम केवल न्यूज दर्ज है। वहीं, हे राम और तूफाल नाम के अभ्यर्थियों ने भी सोशल मीडिया पर सामने आकर अपने नाम सही होने का दावा किया।

दरअसल, CGPSC ने 4 अगस्त को 341 पदों के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया था, जिसमें 7,301 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हुए हैं।

रिजल्ट वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए पोस्ट की, जबकि कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

विवाद बढ़ने पर CGPSC ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि चयन सूची में प्रदर्शित सभी नाम ऑनलाइन आवेदन पत्र में अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज किए गए थे। इन्हीं नामों के आधार पर प्रवेश पत्र जारी हुए, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षा और प्रारंभिक परीक्षा संपन्न कराई गई।

आयोग ने अभ्यर्थियों से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारियों पर विश्वास न करने और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी को ही प्रमाणिक मानने की अपील की है। मुख्य परीक्षा का आयोजन संभावित रूप से 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को होगा।

Exit mobile version